Wednesday, October 21st, 2026

 24 घंटे में कोरोना से 10 महीने में पहली बार दिल्ली में एक भी मौत नहीं

 नई दिल्ली 
 पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना वायरस से एक भी मौत नहीं हुई है। पिछले 10 महीने में ऐसा पहली बार हुई है, जब किसी दिन मौत की घटना सामने नहीं आई है। दिल्ली में संक्रमण दर में कमी आने के बाद अब यह 0.18 फीसदी है। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में दिल्ली वाले किस कदर डटे हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 10 महीने में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक दिन में किसी की भी मौत कोविड-19 की वजह से नहीं हुई है। मंगलवार देर शाम दिल्ली सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना वायरस के 100 नए केस मिले हैं, जबकि 144 लोग इससे ठीक भी हुए हैं। हालांकि, इस दौरान मौत का एक भी मामला सामने नहीं आया। 

इस तरह से दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 6,36,260 हो गई है, जिनमें से 6,24,326 पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। आंकड़ों की मानें तो दिल्ली में कोरोना वायरस के मृतकों की संख्या 10,882 है। वहीं, अभी एक्टिव केसों की संख्या 1052 है। इनमें से 441 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। दिल्ली सरकार के लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, राजधानी में संक्रमण से ठीक होने की दर 98.12 फीसदी पहुंच गई है, जो अब तक सबसे अधिक है। वहीं, भारत की बात करे तो देश में अभी कोरोना के कुल मामले 1,08,47,304 हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'दिल्लीवासियों के लिए सुखद समाचार। 

आज कोरोना की वजह से दिल्ली में एक भी मौत नहीं हुई। दिल्लीवासियों को बधाई। कोरोना के मामले भी कम हो चुके हैं, टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है। दिल्लीवालों ने कोरोना के खिलाफ बहुत कठिन लड़ाई लड़ी। हमें अब भी पूरी सावधानी बरतनी है।'वहीं, सत्येंद्र जैन ने एक ट्वीट में कहा , 'कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से आज किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। दिल्ली की सामूहिक इच्छा शक्ति से अब धीरे-धीरे संक्रमण पर जीत हासिल हो रही है। मैं एहतियात बरतने के लिए दिल्ली की जनता और संक्रमण से निपटने के लिए संघर्ष करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं।'
 

 

Source : Agency

पाठको की राय